लिफ्ट देने के बहाने महिला से गैंगरेप
- साहिबाबाद में एक निजी कंपनी में काम करती है पीड़िता
- ड्यूटी के बाद लौट रही थी घर, गांव के ही युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
- पीड़िता के भाई की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
ककोड़ (बुलंदशहर)।
ड्यूटी से घर लौट रही महिला को लिफ्ट देने के बहाने गांव निवासी युवकों ने जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। महिला के परिजन रात भर उसे तलाशते रहे। सुबह बदहवास हालत में घर पहुंची महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की अपने पति से अनबन चल रही है। इसलिए वह मायके में रह रही है। महिला साहिबाबाद स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। साहिबाबाद से वह ट्रेन से आती-जाती है। रविवार की शाम महिला ड्यूटी के बाद वापस घर लौट रही थी। रास्ते में उसे गांव निवासी प्रेमचंद मिला जिसने उसे अपनी बाइक से गांव तक लिफ्ट देने के लिए कहा। प्रेमचंद ने फोन कर गांव के ही मुकुल को भी बुला लिया। दोनों उसे आतंकित करते हुए जंगल में एक ट्यूबवेल पर ले गए। जहां दोनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। उधर, युवती के नहीं लौटने पर रात भर परिजन उसे तलाशते रहे। सुबह बदहवास हालत में घर पहुंची युवती ने परिजनों को आपबीती सुनाई। एसओ मनोज कुमार ने बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर पर प्रेमचंद, मुकुल के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।