दूध के टैंकर से आमने-सामने की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार पांच लोगों में से एक की मौत हो गई।
जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दो को मामूली चोटें आई है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर चालकों को भी हिरासत में ले लिया है।
थाना नरसैना के किरयावली गांव निवासी राजू बाइक से मां कांति देवी, मुस्कान, दीक्षा व गीता के साथ रविवार देर शाम स्याना की ओर जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक स्याना बुगरासी मार्ग पर चंद्रावती पब्लिक स्कूल के पास पहुंची। सामने से आ रहे दूध के टैंकर से टकरा गई।
हादसे में कांति देवी (60) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल राजू व मुस्कान को स्याना सीएचसी से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
दीक्षा व गीता को मामूली चोटें आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल रामसैन सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।