बाइक सवार बदमाशों ने एक नामी टेलीकॉम कंपनी के डीलर एवं कलेक्शन ऐजेंट से हथियार के बल पर 25 हजार रुपये लूट लिए। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। ककोड़ के मोहल्ला व्यापारयान निवासी राजा पुत्र कल्लू ने बताया कि वह कस्बा में एक नामी टेलीकॉम कंपनी का डीलर और कलेक्शन एजेंट है।
वह मंगलवार को क्षेत्र के वैर, ककोड़, सलेमपुर जाट आदि से कलेक्शन कर बाइक से लौट रहा था। शाम करीब 6.30 बजे ककोड़ में पानी की टंकी के पास पीछे से आ रहे सफेद रंग की बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। तमंचे के बल पर उससे कलेक्शन का बैग लूट लिया।
राजा ने बताया कि बैग में 25 हजार रुपये और कुछ जरूरी कागजात थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की,लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। ककोड़ इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
हाईवे पर बाइक सवार दंपति से लूट
देहात थाना क्षेत्र स्थित लालपुर चितौला गांव के पास हाईवे पर बदमाशों ने दिनदहाड़े बाइक सवार दंपति से लूटपाट की। मंगलवार दोपहर करीब 2.30 बजे गुलावठी निवासी रविंद्र पत्नी रंजना के साथ बाइक से अलीगढ़ जा रहे थे।
लालापुर चितौला गांव के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं रुके तो बाइक पर सवार एक बदमाश ने रविंद्र के सिर पर तमंचे की बट मारकर कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने दंपति से सोने की चेन, सोने के कुंडल, पर्स आदि सामान लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग गए। सूचना पर सीओ विजय प्रकाश सिंह, एसओ मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घायल रविंद्र को पुलिस ने बुलंदशहर अस्पताल भेजा।
बाइकर्स ने नगदी और मोबाइल लूटे
बुलंदशहर के कस्बा स्याना से लौट रहे दो दोस्तों की कार को ओवरटेक कर बाइक सवार बदमाश हजारों की नगदी समेत तीन मोबाइल लूटकर ले गए। लोनी के जवाहरगंज निवासी अंकित चौहान दोस्त चिंकी शर्मा के साथ बुलंदशहर के स्याना कस्बे में गया था।
लौटते वक्त सोमवार रात 9 बजे गांव अल्लीपुर के पास बाइकर्स ने ओवरटेक कर कार को रोक लिया। बाइकर्स ने दोनों को कब्जे में कर लिया और चार हजार रुपये समेत 3 मोबाइल लूट लिए। वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
घायल का बाइक सवार ने मोबाइल लूटा
अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक का एक बाइक सवार मोबाइल लूटकर भाग गया। जानकारी के अनुसार नगर की हीरा कालोनी निवासी दीपक पुत्र नरेंद्र राणा सोमवार रात नोएडा से बाइक से घर लौट रहा था। करीब 11 बजे निजामपुर के पास अज्ञात वाहन ने दीपक की बाइक में टक्कर मार दी।
दुर्घटना में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपक ने बताया कि वह फोन से परिजनों को जानकारी दे रहा था। तभी बाइक सवार उसका मोबाइल लूटकर भाग गया।