लिफ्ट का झांसा देकर दो लाख ले उड़े कार सवार
- पुलिस घटना को मान रही संदिग्ध
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंदराबाद।
युवक को लिफ्ट का झांसा देकर कार सवार दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। लेकिन कार सवारों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
थाना जहांगीराबाद निवासी प्रमोद ने बताया कि उसने नोएडा में एक प्लाट खरीदा है, जिसकी सोमवार को रजिस्ट्री करानी थी। उसने अपने चचेरे भाई नरेश का फोन कर गांव से दो लाख रुपये मंगाए थे। बताया कि उसे नरेश ने फोन करके बताया कि वह लालकुआं जाने के लिए सिकंदराबाद में दादरी गेट पुलिस चौकी के पास खड़ा बस का इंतजार कर रहा था। तभी एक कार चालक उसके पास पहुंचा और उससे लाल कुआं का रास्ता मालूम करने लगा। नरेश के यह बताने पर कि वह भी लालकुआं जा रहा है कार चालक ने उसे कार में लिफ्ट दे दी। सिकंदराबाद बस स्टैंड से एक अन्य युवक कार में बैठ गया। बताया कि थोड़ी दूरी पर चलने के पश्चात कार चालक ने बहाने से उसे नीचे उतार दिया और कार को लेकर फरार हो गया। उसका बैग भी कार में ही छूट गया। बैग में दो लाख रुपये थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। लेकिन कार सवारों का कोई सुराग नहीं लगा।
कार्यवाहक कोतवाल शैलेश त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है। पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।