रेलवे स्टेशन के निकट मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
बुलंदशहर। रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति का शव गंदे पानी में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर चोट का निशान था। आशंका है कि हत्या के बाद शव यहां फेंका गया हो। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन के सामने एक गड्ढा है, जिसमें गंदा पानी भरा रहता है। इसी गड्ढे में स्थानीय लोगों ने सोमवार दोपहर एक युवक का शव देखा। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जैसे-तैसे बाहर निकाला। साथ ही स्थानीय स्तर पर मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने शव को अज्ञात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर पर एक टीशर्ट व नेकर थी। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास होगी। गर्दन पर खून लगा होने से चोट होना प्रतीत हो रहा था। नगर कोतवाल ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि शव को अज्ञात में ही मोर्चरी भिजवा दिया गया है। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। ब्यूरो