संदिग्ध परिस्थितयों में युवक की मौत
अरनिया। क्षेत्र के गांव खुरियावली में रविवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव बेड पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार रात क्षेत्र के गांव खुरियावली निवासी लोकेश (25) पुत्र उदयवीर खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह जब पत्नी पिंकी ने लोकेश को जगाने की कोशिश की तो वह नहीं उठा। उसने इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी। कमरे में जाकर परिजनों ने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। जानकारी होने पर गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की। मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई भंवरपाल सिंह ने बताया कि युवक की मौत कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सही जानकारी मिल सकेगी। उधर, युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा।