बैनामा कराने से मना करने पर झोका फायर
- शिकायत के बाद भी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
- पीड़ित ने एसएसपी से की कार्रवाई की मांग
ककोड़। सूद के साथ कर्ज चुकाने के बाद भी युवक पर उसकी जमीन का बैनामा अपने नाम कराने का दबाव बनाने रहे सूदखोर ने बैनामा करने से मना करने पर अपने बेटे व अन्य युवक के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित ने पुलिस पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। पीड़ित ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना क्षेत्र के गांव झाझर निवासी ऋषिपाल पुत्र मंटूरी जाटव ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की बीमारी के चलते क्षेत्र के गांव इनायतपुर निवासी युवक से पांच प्रतिशत ब्याज पर रूपये उधार लिए थे। बदले में युवक ने उसकी जमीन का इकरारनामा अपने नाम कराया था। बताया कि उसने युवक का कर्ज सूद समेत लौटा दिया। मगर उसके बाद भी वह इकरारनामा नहीं लौटा रहा। और उसकी जमीन का बैनामा अपने नाम कराने के लिए उसपर दबाव बना रहा है। बताया कि 23 अगस्त की रात्रि वह गांव के बाहर खड़ा मेले से अपने बच्चों के लौटने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उक्त युवक अपने बेटे व अन्य युवक के साथ वहां पहुंचा। और जमीन का बैनामा कराने के लिए उसपर दबाव बनाने लगा। मना करने पर उक्त युवकों ने जान से मारने की नियत से उसपर फायर झोक दिया। हमले में वह बाल-बाल बच गया। आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। ऋषिपाल ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।