गामीणों ने एसएसपी आवास पर किया प्रदर्शन
बुलंदशहर। खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव रुपवास पंचगाई में बीते दिनों सड़क दुर्घटना में गांव निवासी एक किसान की मौत हो गई थी। मामले में मृतक के पुत्र ने गांव निवासी एक युवक पर ट्रैक्टर से दुर्घटना कर पिता की मौत का मामला दर्ज कराया था। सोमवार को आरोपी के पक्ष में ग्रामीणों ने एसएसपी आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के पक्ष में शपथ पत्र सौंपे हैं।
गत 22 जून की देर शाम करीब साढ़े बजे गांव रुपवास पंचगाई निवासी किसान कंछी सिंह को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था। उस दौरान कंछी सिंह अपनी मोपेड से कहीं जा रहे थे। हादसे में गंभीर घायल कंछी सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले में मृतक के पुत्र ने गांव निवासी युवक पर ट्रैक्टर से पिता की मोपेड में टक्कर मारने का आरोप लगाया था। पुलिस ने भी रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। वहीं, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही ग्रामीण व आरोपी पक्ष मामले में उन्हें झूठा फंसाए जाने का आरोप लगा रहे हैं। सोमवार को ग्रामीण एकत्रित होकर एसएसपी आवास पर पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने एसएसपी को अपने शपथ पत्र सौंपे हैं। जिनमें उन्होंने कहा कि मृतक के पुत्र ने गलत नामजदगी कराई है। कंछी सिंह की मौत अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई है। आरोप है कि गांव की पार्टी बंदी के चलते युवक को फंसाया जा रहा है। मामले में एसएसपी ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान थान सिंह, लाल सिंह, भीष्म सिंह, कृष्ण कुमार, अमित कुमार आदि ग्रामीण मौजूद रहे।