गोकशी में चार और हिंसा में नौ आरोपी ही हो सके हैं गिरफ्तार
बुलंदशहर। स्याना बवाल में अभी तक कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। जिनमें एक गोकशी, एक बवाल-इंस्पेक्टर की हत्या और तीसरी एफआईआर सोमवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ सुमित के पिता ने हत्या की दर्ज कराई है। लेकिन, पुलिस ने शुरुआती दो एफआईआर में ही अभी तक गिरफ्तारी की हैं। गोकशी में चार और बवाल में नौ आरोपी जेल जा चुके हैं। अन्य फरार गोकशों व बलवाइयों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जिनकी जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
बीते तीन दिसंबर को बवाल की चिंगारी स्याना के गांव महाब से भड़की थी। जहां, जंगलों में कथित गोवंशों के कटान के अवशेष मिले थे। जिसके बाद ग्रामीणों व अन्य संगठन के लोगों पर गोवंशों के अवशेष चिंगरावठी चौकी के सामने रख कर जाम लगाने व बलवा करने का आरोप लगा था। पुलिस ने पहली एफआईआर गोकशों के खिलाफ बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज की तहरीर पर दर्ज की थी। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि, दूसरी एफआईआर इंस्पेक्टर की हत्या, बलवा, हत्या की कोशिश आदि धाराओं में दर्ज की गई थी। जिसमें 27 नामजद और करीब 60 अज्ञात आरोपी थे। इस मामले में पुलिस अभी तक चार नामजद व पांच आरोपियों की पहचान वीडियो के आधार पर कर उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है। तीसरी एफआईआर सोमवार को सुमित की हत्या में अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज की है। लेकिन, इस मामले में पुलिस अभी जांच कर आगे की कार्रवाई का दावा कर रही है, गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। इन सभी मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश भी दे रही है, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग रही है। वहीं, स्याना कोतवाल किरनपाल सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। दबिश दी जा रही हैं, काफी इनपुट भी मिला है।
-------