बसपा नेता के बेटे ने फेसबुक पर शेयर की अभद्र पोस्ट, दी तहरीर
जहांगीराबाद। स्याना कांड में पुलिस द्वारा आरोपी बनाए गए बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज को लेकर फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी की गई है। जिसे क्षेत्र के एक बसपा नेता के बेटे ने शेयर कर दिया है। अभद्र टिप्पणी करने पर हिंदू संगठनों में रोष फैल गया। सोमवार को विहिप के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में काफी संख्या में हिंदू संगठनो से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर पोस्ट को डालने और शेयर करने वाले बसपा नेता के पुत्र समेत अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामले को चिंगरावठी कांड को लेकर चल रही एसआईटी जांच में शामिल करने की बात कही है।
पिछले कुछ दिनों से बजरंग दल के नेता योगेश राज केे चित्र के साथ एक आपत्तिजनक पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट के साथ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कमेंट लिखे हैं। इसे लेकर सोमवार को विहिप के जिलाध्यक्ष प्रेमपाल के नेतृत्व में विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और बसपा के एक बड़े नेता समेत अन्य लोगों के खिलाफ पोस्ट को लेकर कार्रवाई की मांग की। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि फेसबुक के माध्यम से वायरल हुई पोस्ट धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है। मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस ने पूरे मामले से आला अधिकारियों को अवगत कराया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी प्रताप बालियान ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। पोस्ट को साइबर सेल जांच के लिए भेज दिया गया है। पोस्ट की सत्यता आने पर सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बसपा नेता ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र को इस प्रकार की पोस्ट से दूर रहने की नसीहत दी है।
------
पूरा मामला मेरे संज्ञान में है, जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। साइबर सेल की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-मनीष मिश्रा, एसपी देहात
---