संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध की मौत, कोहराम
बीबीनगर। थाना क्षेत्र के गांव चित्सौना अल्लीपुर में मंगलवार देर शाम एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
क्षेत्र के गांव चित्सौना अल्लीपुर निवासी इंद्रपाल सिंह(65) पुत्र छिद्दा सिंह खेतीबाड़ी कर अपना व परिवार को पालन पोषण करते थे। फिलहाल वह भारतीय किसान यूनियन में भी सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जुड़े हुए थे। मंगलवार देर शाम किसी ग्रामीण ने पुलिस को इंद्रपाल की हत्या की सूचना दी थी, जिसके बाद सीओ स्याना, बीबीनगर थाना प्रभारी भारी-भरकम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए, लेकिन इस दौरान परिजनों ने पूछताछ में बताया कि इंद्रपाल का मंगलवार शाम अपने परिजनों से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसी दौरान इंद्रपाल जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजन स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इंद्रपाल के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि परिजन स्वाभाविक मौत होना बता रहे हैं। पोस्टमार्टम कराने से भी परिजन इंकार कर रहे हैं। कोई तहरीर दी जाती है, तो उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।