छोटे भाई ने पीट -पीटकर बड़े भाई को मार डाला
- मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा
- आरोपी युवक व उसकी पत्नी समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
दानपुर। दौलतपुर चौकी क्षेत्र के गांव सूरजपुर मखैना में बृहस्पतिवार देर रात छोटे भाई ने अपनी पत्नी और साढू के साथ मिलकर बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दौलतपुर चौकी क्षेत्र के गांव सुरजपुर मखैना निवासी किसान वीरपाल सिंह पर बारह बीघा खेती भूमि है। पत्नी शीला देवी की मौत के बाद वीरपाल ने अपने दोनों बेटों अनिल व सुनील को छह-छह बीघे जमीन हिस्से में दे दी। दोनों एक ही मकान में अलग अलग कमरों में रहते है। लोगों ने बताया कि वीरपाल को छोटा बेटा सुनील शराब पीने का आदी व झगड़ालू किस्म का है। इस कारण पड़ोसी भी इस परिवार से संबंध नहीं रखते है। बृहस्पतिवार को अनिल उर्फ अन्नू व छोटा भाई सुनील व उसका साढ़ू लीलाधर तीनों ने मिलकर शराब पी और खाना खाया। उसके बाद अनिल छत पर सोने चला गया। कुछ देर बाद दोनों भाइयों में खेत में फसल की बुआई को लेकर गाली-गलौच शुरू हो गई। इस पर सुनील ने अनिल को छत के जीने से खींचते हुए नीचे ले आया। उसके बाद सुनील, उसकी पत्नी ममता व उसके साढू सुनील ने मिलकर अनिल उर्फ अन्नू की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक दो बच्चों का पिता था। मृतक की पत्नी माला देवी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सुनील, उसकी पत्नी ममता व भोपतपुर नगला निवासी लीलाधर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।