प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर लोगों से ठगी
- खानपुर के चार लोगों से ठगी होने पर रिपोर्ट दर्ज
- नगर पंचायत सदस्य के देवर पर लगा पैसे लेने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। भोले-भाले लोगों से जनप्रतिनिधि या कंपनी के कर्मचारी बनकर कई बार अवैध वसूली करने के मामले सामने आए हैं। अब इसी तरह के मामले में खानपुर थाने में नगर पंचायत सदस्य के देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अफसरों ने प्रधानमंत्री आवास योजना को पूरी तरह से नि:शुल्क बताते हुए घोषणा भी कराई, लेकिन इसके बाद भी लोगों से अवैध वसूली की घटनाएं हो रही हैं। इसी तरह के मामले में खानपुर नगर पंचायत सदस्य के देवर पर मोहल्ला हरिजन बस्ती की चार महिलाओं से 61,300 रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। रिश्वत देने के बाद भी आवास नहीं मिलने पर मामले में अफसरों से शिकायत की गई तो अफसरों में हड़कंप मच गया। आरोप है कि हरिजन बस्ती निवासी गुड्डी पत्नी देवेन्द्र सिंह से 21 हजार, बाला पत्नी जयप्रकाश से 20800, शारदा पत्नी जगपाल से 14 हजार व पदम सिंह पुत्र शिवलाल से 5500 रुपये नगर पंचायत सदस्य के देवर गौतम पुत्र बाबू ने ले लिए। ठगी का एहसास होने के बाद चारों द्वारा आरोपी गौतम पुत्र बाबू के खिलाफ थाने में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। डीएम अनुज कुमार झा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि योजना पूरी तरह से नि:शुल्क है। कोई भी व्यक्ति किसी को भी अवैध धनराशि नहीं दें। क्योंकि कोई भी व्यक्ति आपको पात्र या अपात्र घोषित नहीं कर सकता है। डीएम ने अपील की है कि अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ तत्काल अफसरों को सूचित करें और संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।
अमर उजाला ने पूर्व में भी उठाया था मुद्दा
अमर उजाला ने 9 अक्तूबर 2017 को एक हजार लोगों से प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ठगी का खुलासा किया था, लेकिन तत्कालीन अफसरों ने मामले को दबा दिया था। इसके चलते ठगी करने वालों के हौसले बुलंद हो गए। उस समय सलेमपुर क्षेत्र के लोगों से एक स्टांप विक्रेता की मदद से गिरोह ने 10 रुपये के स्टांप पर प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर 450 रुपये प्रति व्यक्ति लिए थे, जिसमें बाद में लोगों ने स्टांप विक्रेता के ठिकाने पर पहुंचकर हंगामा किया था तो आरोपी मौके से भाग गया था।
कोट -
नगर पंचायत सदस्य के देवर द्वारा अवैध वसूली का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। लोगों से यदि कोई रिश्वत मांगता है तो इसकी जानकारी अफसरों को दें। - अनुज कुमार झा, डीएम