अवैध उगाही करते हुए कानूनगो ने एक को पकड़ा
गुलावठी। प्रधानमंत्री आवासीय योजना के अंतर्गत पात्रों से अवैध उगाही करने के मामले में कानूनगो राजेंद्र सिंह ने एक व्यक्ति को पकड़कर बुधवार को पुलिस को सौंपा। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरपालिका में मोहल्ला रामनगर निवासी कमलेश एवं मोहल्ला श्यौदत्त निवासी मनोज कुमार ने मौखिक शिकायत की थी कि प्रधानमंत्री आवासीय योजना में उनका चयन हुआ है तथा एक व्यक्ति ने उनसे अवैध वसूली की है। पीड़ितों ने बताया कि उक्त व्यक्ति अपने को प्रधानमंत्री आवासीय योजना के अंतर्गत जांच टीम का सदस्य बताता है तथा उसके पास आईकार्ड भी है। जब इसकी जानकारी कानूनगो राजेंद्र सिंह को लगी तो वह गुलावठी पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की। मौके पर नगरपालिका के कुछ कर्मचारी भी पहुंच गए। कानूनगों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उक्त व्यक्ति से पूछताछ कर रही है।