साहब! पौत्रवधू की शादी कहीं और करना चाहता है पिता
बुलंदशहर। औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती व युवक ने परिजनों की अनुमति के बगैर कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने युवती को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया था। युवक के दादा का आरोप है कि उनकी पौत्रवधू का पिता उसका विवाह धोखे से कहीं और करने वाला है। उन्होंने बताया कि उनके पौत्र का गांव निवासी एक युवती से पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। बावजूद इसके दोनों ने 27 अक्टूबर 2017 को रजिस्ट्रार हिंदू विवाह गाजियाबाद में शादी कर ली थी। मामले में युवती के परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवती को बरामद कर उसके बयान कोर्ट में दर्ज कराए थे। इसके बाद युवती को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया था। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अब उनकी पौत्रवधू का पिता जबरन धोखे से उसकी शादी कहीं और करना चाहता है। जबकि, वैधानिक रुप से अब वह उनकी पौत्रवधू है। पीड़ित ने एसएसपी से शादी रुकवा कर उनकी पौत्रवधू को उन्हें दिलवाने की मांग की है। ब्यूरो