रुपये न देने पर गुड़ व्यापारी पर जानलेवा हमला, फायरिंग
स्याना। थाना क्षेत्र के मोहल्ला जवाहर गंज निवासी संजय कुमार पुत्र स्व. कैलाश चंद ने तहरीर देकर बताया कि वह गुड़ व्यापारी हैं। रविवार सुबह वह एक नाई की दुकान पर गए थे। इस दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और पीड़ित व्यापारी से 20 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित ने जब रुपये देने से इंकार कर दिया तो आरोपियों ने अभद्रता कर जान से मारने की नीयत से पीड़ित पर तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुन कर लोगों को एकत्रित होते देख आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित ने क्षेत्र निवासी आरोपी मोनू व विशाल के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली निरीक्षक अल्ताफ अंसारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है, जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्यूरो