उधार न चुकाना पड़े इसलिए रची गई फर्जी लूट की कहानी
फोटो समाचार
- पुलिस ने आरोपी वादी समेत तीन लोगों को किया गिरफ्तार
- घायल अली मोहम्मद पर मोबीन के छह लाख रुपये हैं उधार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। खुर्जा क्षेत्र में सैटरिंग मिस्त्री को गोली मारकर ढाई लाख रुपये लूटने की वारदात फर्जी निकली है। पुलिस ने मामले में वादी सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस की मानें तो उधार के छह लाख रुपये चुकाने से बचने के लिए लूट की फर्जी घटना को अंजाम दिया गया।
रविवार शाम को एसएसपी मुनीराज ने बताया कि बीते दिन गांव रोहिंदा थाना अरनियां निवासी अजय पुत्र संतोष कुमार ने कोतवाली खुर्जा नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके अनुसार वह और उसके गांव का अली मोहम्मद खुर्जा की कृष्णानगर कालोनी में सैटरिंग का काम कर रहे थे। उसी दौरान आरोपी मोबीन और उसके दो साथियों ने अली मोहम्मद को गोली मारकर ढाई लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। एसएसपी के अनुसार पुलिस की जांच में घटना शुरू से ही संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। पुलिस ने संदिग्ध कलुआ पुत्र निरंजनन और फिरोज पुत्र हनीफ निवासीगण गांव रोहिंदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें उन्होंने बताया कि अली मोहम्मद ने अपने दोस्त अजय कुमार (वादी) व उन दोनों के साथ मिलकर फर्जी लूट व गोलीकांड को अंजाम दिया था। बताया गया कि घायल अली मोहम्मद पर घटना में नामजद किए गए मोबीन के छह लाख रुपये उधार है। इस उधार धनराशि को चुकाना न पड़े। इसके लिए मोबीन को फोन कर खुर्जा के देवीधाम कालोनी में बुलाया गया। वहां मोबीन के आने पर फिरोज ने अली मोहम्मद को गोली मार दी, जबकि कलुआ ने बैग छीन लिया। मोबीन के सामने घटना इस वजह से अंजाम दी गई, जिससे पुलिस का शक उस पर जाए। एसएसपी ने बताया कि घटना में कैश नहीं लूटा गया था। फर्जी घटना की योजना में शामिल वादी अजय, कलुआ व फिरोज को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक व अवैध असलाह भी बरामद कर लिया गया है।