नशे में धुत चिकित्सक ने कोतवाली में मचाया उत्पात
- पुलिस ने कराया चिकित्सीय परीक्षण, सीओ भी मौके पर पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
डिबाई।
नशे में धुत्त अलीगढ़ स्थित एक सीएचसी का चिकित्सक कर्मचारी संग मंगलवार देर रात कोतवाली पहुंच गया। अपनी कार कोतवाली में खड़ी करने के बाद उसने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों से जमकर अभद्रता की। पुलिस ने आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण करवाया, जिसमें नशे की पुष्टि हुई।
एक पुलिस कर्मी ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब साढ़े दस बजे नशे की हालत में दो लोग अपनी कार से कोतवाली पहुंचे। कार से उतरने के बाद आरोपी चिकित्सक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौच शुरू कर दी। कोतवाली निरीक्षक द्वारा मामले की जानकारी करने पर उनसे भी दुर्व्यवहार किया। करीब आधे घंटे तक दोनों हंगामा करते रहे। इसके बाद कोतवाली निरीक्षक ने दोनों को सीएचसी मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। सीएचसी पर पहुंचने के बाद नशे में धुत आरोपी चिकित्सक वहां चिकित्सक की कुर्सी पर बैठक कर हंगामा करने लगा। मामले की जानकारी होने पर सीओ धन प्रकाश त्यागी और कोतवाली निरीक्षक सुभाष चंद्र सिंह भी पहुंच गए। सीएचसी पर चिकित्सक भूपेंद्र सिंह ने मेडिकल परीक्षण में नशे की पुष्टि की है। बताया कि आरोपी चिकित्सक विनोद कुमार सीएचसी अतरौली जिला अलीगढ़ पर तैनात है और दूसरा कर्मचारी हरवीर सिंह 108 एंबुलेंस पर तैनात है। कोतवाली निरीक्षक सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विभागीय अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।