पति पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
- एक वर्ष पूर्व हुआ था निकाह, पति से अलग रह रही थी महिला
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला के साथ उसके पति ने दुष्कर्म किया। मामले में पीड़ित ने तहरीर देकर आरोपी पति व उसके एक दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह एक वर्ष पूर्व कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव निवासी अबरार के साथ हुआ था। निकाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि 31 दिसंबर को आरोपियों ने उसकी हत्या करने की कोशिश की थी, पीड़ित के शोर मचाने पर अन्य ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच उसकी जान बचाई थी। पीड़ित ने बताया कि बीती छह जनवरी को उसके पति ने उसे दो लाख रुपये देकर तलाक दे दिया था। इसके बाद पीड़ित किराए का कमरा लेकर रहने लगी। आरोप है कि 20 जनवरी को उसका पति अबरार व उसका साथी फैजान उसके कमरे में घुस आए। आरोपी पति ने पीड़ित से दो लाख रुपये वापस करने की बात कही, रुपये वापस न देने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन व कपड़े उतार कर अपने साथी को दे दिए। इसके बाद आरोपी पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति अबरार व उसके साथी फैजान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।