सड़क हादसों में एक की मौत, छह घायल
खुर्जा। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक की मौत हो गई। वहीं छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार देर शाम नगर के मोहल्ला गोविंद देव निवासी मुकेश शर्मा पुत्र धर्मप्रकाश शर्मा बाइक पर पहासू से घर आ रहे थे। पहासू थाना क्षेत्र के गांव दीघी के पास पिकअप वाहन ने मुकेश को रौंद दिया। आसपास के लोगों ने देखा तो मौके की तरफ दौड़ पड़े। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया। दिल्ली स्थित ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मुकेश की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं क्षेत्र के जंक्शन रोड पर दो बाइकों की भिड़ंत में सुरेंद्र, उनकी पत्नी संगीता, बेटी कविता तथा दूसरी बाइक पर मुरारी नगर निवासी अरुण घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर अरुण, कविता और सुरेंद्र को अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, अग्रवाल फाटक के पास कार-बाइक की भिड़ंत में कार सवार इग्लास निवासी पवन, आशीष घायल हो गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।