पशु मेले में बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर पशु व्यापारी पिता-पुत्र से लूटे 31 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव रामराय में चल रहे पशु मेले से भैंस खरीदने आए झज्जर जिले के गांव निमाणा निवासी पिता-पुत्र को पिस्तौल दिखाकर बदमाशों ने 31 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने पशु मेले में बदमाशों की तलाश की, लेकिन रात के अंधेरा का फायदा उठाकर बदमाश फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने 10-12 युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में रामकुमार ने कहा कि जींद के गांव रामराय में पशु मेला लगा हुआ है। वह अपने बेटे विजय के साथ यहां भैंस खरीदने के लिए आया था। रविवार रात को लगभग साढ़े नौ बजे जब वह दोनों मेले में ही खाना बना रहे थे तो उसी समय 10-12 युवक आए जो मुंह पर काला कपड़ा लपेटे हुए थे। रामकुमार ने कहा कि उन्होंने आते ही उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद कुछ युवकों ने उसके बेटे विजय पर भी पिस्तौल तान दी और उसकी जेब से 11 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी दोनों से 31 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। जब उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मेले में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी मनदीप कुमार ने कहा कि जल्द ही बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा।