दहेज की खातिर नवविवाहिता को पीटा
-मायके पक्ष के लोगों ने विरोध किया तो उनके साथ भी की गई मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
छतारी। पहासू क्षेत्र के गांव महुआखेड़ा में दहेज की खातिर ससुरालियों ने नवविवाहिता को पीट-पीटकर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाइयों से भी ससुरालियों ने मारपीट की। थाने पहुंचकर पीड़िता ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
अलीगढ़ के खैर क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी रूपेश की शादी 4 माह पूर्व पहासू क्षेत्र के गांव महुआखेड़ा में हुई। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर रूपेश को प्रताड़ित करने लगे। शुक्रवार को पति ने रूपेश की पिटाई शुरू कर दी। चीख पुकार सुनकर पहुंचे आस पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव किया। सूचना पर पीड़िता के भाई भी मौके पर पहुंच गए। उन लोगों ने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ससुरालियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद भाइयों के साथ थाने पहुंचकर पीड़िता ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।