लूट प्रकरण: 72 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
- देहात कोतवाली क्षेत्र में डेयरी संचालक के मुंशी से हुई थी 10.45 लाख की लूट
- अज्ञात बदमाशों की गिरफ्तारी तो दूर, पुलिस आरोपियों का नहीं लगा पा रही सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। बेखौफ लुटेरों ने बुधवार दोपहर को दिनदहाड़े सरेराह डेयरी संचालक के कार सवार मुंशी पर फायरिंग करते हुए लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस जल्द ही आरोपियों को दबोचकर घटना के खुलासे की बात कह रही थी, लेकिन अभी तक पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी तो दूर उनकी शिनाख्त तक नहीं कर सकी है। बता दें कि नगर के नया गांव निवासी दुष्यंत सिंह स्याना रोड स्थित रामा डेयरी में मुंशी का कार्य करते हैं। बीते बुधवार की दोपहर वह मंडी फतेहगंज से उगाही करने के बाद अपनी कार से डेयरी लौट रहे थे। डेयरी से करीब दो सौ मीटर पहले ही दो बाइकों पर सवार चार हथियारबंद नकाबपोश लुटेरों ने ओवरटेक कर उनकी कार को रोक लिया। साथ ही कार की पिछली खिड़की पर फायर कर शीशा तोड़ दिया और कार की पिछली सीट पर तीन थैलों में रखे करीब 10.45 लाख रुपये लूट लिए और हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले में जल्द से जल्द खुलासे की बात कह रही थी। पुलिस ने डेयरी के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए, जिसमें बाइक सवार बदमाश चेहरे पर मंकी कैप पहने हुए भागते नजर आए। इसके अलावा पुलिस की जांच अभी चार कदम भी नहीं चल सकी है। हालांकि पुलिस अधिकारी जल्द घटना के खुलासे का दंभ भर रहे हैं। देहात कोतवाल तपेश्वर सागर ने बताया कि जांच की जा रही है, कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।