दिनदहाड़े कार सवारों ने किया किशोरी का अपहरण
स्याना। क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों के आतंक पर पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। बुधवार को दिन दहाड़े कार सवार बदमाशों ने अपनी मां व बहन के साथ खेत पर जा रही 17 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर लिया। शोर मचाने पर आरोपी कार में किशोरी को डालकर खानपुर रोड की ओर भाग गए।
पीड़ित मां ने बुधवार को अन्य परिजनों संग स्याना थाने पहुंचकर अपनी 17 वर्षीय पुत्री के अपहरण की तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह वह अपनी दोनों पुत्रियों के साथ गांव बरौली वासुदेवपुर की ओर से खानपुर मार्ग स्थित अपने खेतों की ओर जा रही थी। तीनों मां-बेटी पैदल ही रजवाहे की पटरी से होते हुए खेतों की ओर जा रही थीं। बताया कि इस दौरान पीछे से एक कार में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उनकी 17 वर्षीय पुत्री को जबरन कार में खींच लिया। पीड़िता ने जब शोर मचाया तो आरोपी मौके से खानपुर रोड की ओर कार में उनकी पुत्री को लेकर भाग गए। पीड़िता ने इसकी सूचना तत्काल 100 नंबर पर व अपने परिजनों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़िता ने तहरीर देकर जल्द से जल्द अपनी पुत्री की बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी विजय गौतम का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। बदमाशों व किशोरी की तलाश की जा रही है। जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपियों को भी दबोच लिया जाएगा।