बाजार से घर लौट रही महिला की चेन लूटी
- बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
- नगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में चेन लुटेरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चांदपुर रोड पर दिनदहाड़े महिला से चेन लूट ली। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला सूर्य नगर निवासी गीता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह बाजार से घर लौट रही थी। रास्ते में रेलवे फाटक के निकट बाइक सवार दो युवक आए और गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला को धक्का दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। शोर मचाया तो कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश रफू चक्कर हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।