तारीख से लौट रहे अधेड़ पर जानेलवा हमला
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कचहरी में तारीख पर आए एक व्यक्ति ने पत्नी और ससुरालियों पर गाली-गलौच व मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान काफी चोट आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
मेरठ के लोहिया नगर निवासी बिजेंद्र कुमार पुत्र हरपाल सिंह ने तहरीर में बताया कि बुलंदशहर न्यायालय में एक वाद विचाराधीन है। 30 जून 2017 को उसमें तारीख थी। दोपहर करीब एक बजे जब पेशी कर लौट रहा था तो पत्नी, उसके र्भाईयों और पिता ने गाली-गलौच शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट व जान से मारने की धमकी दी। खुद को लोगों से घिरता देखकर आरोपी भाग गए। आरोपियों द्वारा की गई मारपीट से मुंह, नाक, आंख व सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने बताया कि ससुरालियों से उसे जान का खतरा है।
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाल आर के शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।