नोएडा पुलिस ने सराफा कारोबारी के प्रतिष्ठान पर मारा छापा
डिबाई। नगर के प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी के प्रतिष्ठान पर शुक्रवार देर शाम नोएडा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ छापा मारा। जानकारी के अनुसार देर शाम नोएडा व स्थानीय पुलिस एक युवक को अपने साथ लेकर पहुंची थी। सिविल ड्रेस में भी पुलिस कर्मी साथ थे। सराफा बाजार में आरोपी से दुकान की पहचान कराने के बाद नोएडा पुलिस ने एक दुकान स्वामी से पूछताछ की। सत्ता पक्ष पार्टी के पदाधिकारी के भाई की दुकान होने के कारण पार्टी कार्यकर्ता तथा सैकड़ों व्यापारियों की भीड़ सड़क पर एकत्र हो गई। नोएडा के थाना फेस टू पर तैनात उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह व उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि वह बदमाशों द्वारा बेचे गये माल की तलाश में यहां आए थे। अभी मामले की जांच चल रही है।