हाईवे पर बैट्री-डीजल चोरी करने वाला गैंग दबोचा
खुर्जा। हाईवे पर खडे़ वाहनों से बैट्री-डीजल समेत अन्य सामान चोरी करने वाले गैंग के तीन सदस्यों को अरनिया पुलिस ने दबोच लिया है।
सीओ खुर्जा राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि थाना पुलिस हाईवे पर मुनि गांव स्थित केएल शास्त्री इंटर कॉलेज के सामने वाहन चेकिंग कर रही थी। अलीगढ़ की तरफ से आते एक टाटा कैंटर को रोक लिया। पुलिस ने उसमें सवार तीन लोगोें को पकड़ लिया। अरनिया थाना प्रभारी एचएन सिंह ने बताया कि तीनों बदमाशों की पहचान जिला हापुड़ के थाना धौलाना निवासी अशरफ व शादाब और दिल्ली के शाहदरा निवासी कल्लू के रूप में की गई है। बदमाशों से टाटा कैंटर, बैट्री और नकदी बरामद की है। तीनों पूछताछ में बताया कि वे हाईवे पर वाहनों से बैट्री, डीजल आदि चोरी करते हैं। रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया।