अहमदगढ़। कस्बे में रविवार को महीने की पहली तारीख को बाजार खुलने को लेकर मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन किया। मजदूरों ने कुछ दुकानदारों पर निर्धारित बंदी के दिन भी दुकानें खोलकर जबरन काम कराने और उनका शोषण करने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि बाजार बंदी के नियमों का पालन कराया जाए। उन्हें प्रत्येक सप्ताह एक दिन का अवकाश दिया जाए।
मजदूरों का कहना था कि प्रत्येक महीने की पहली तारीख को बाजार बंद रखने की व्यवस्था है। इसके बावजूद कुछ व्यापारी अपनी दुकानें खोलकर उनसे काम करा रहे हैं। इससे उन्हें निर्धारित अवकाश का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मजदूरों ने कहा कि उन्हें भी परिवार के साथ समय बिताने और आराम करने का अवसर मिलना चाहिए।
मजदूरों के विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मनोज शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाकर शांत कराया। इस दौरान मजदूरों ने साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि त्योहार के कारण कुछ दुकानदारों ने रविवार को दुकानें खोली हैं लेकिन भविष्य में निर्धारित बंदी के दिन दुकान खोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अगली बार महीने की पहली तारीख को बंदी के बावजूद दुकान खोलने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों का ध्यान रखना जरूरी है और वह उनकी मांग के साथ खड़े हैं।
अध्यक्ष के आश्वासन के बाद मजदूरों ने विरोध समाप्त कर दिया और अपने घर लौट गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस मौके पर हरि किशन सूर्यवंशी, दीपक कुमार, रोहताश चौधरी, भोलू लाला, नितिन, राहुल, जुनेद, फैजल व दीपू आदि मौजूद रहे।