राहत: सीएचसी में बनेगा 200 बेड का कोविड वार्ड
सिकंदराबाद। सिकंदराबाद के सीएचसी में 200 बेड का कोरोना वार्ड बनाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। रोगियों को ऑक्सीजन की आपूर्ति के अस्पताल में ही ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया जाएगा। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और सीएमओ ने अस्पताल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
तेजी के साथ फैल रहे कोरोना संक्रमण की चपेट में बड़ी संख्या में लोगों के आने से अस्पतालों में बेड की किल्लत होने लगी थी। कोरोना संक्रमितों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने निजी अस्पतालों को भी कोविड अस्पताल में परिवर्तित कर दिया था। उसके बाद भी रोगियों को बेड नहीं मिलने की बराबर शिकायत मिल रही थी। जिसको लेकर प्रशासन पूरी तरह से प्रयासरत है ताकि संक्रमित होने वाले सभी रोगियों को बेहतर उपचार मिल सकें और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सकें। जिसके चलते सिकंदारबाद सीएचसी में भी 200 बेड के कोरोना वार्ड के लिए कार्य प्रारंभ हो चुका है। सीएमएस डॉ. एपी सिंह ने बताया कि कोरोना वार्ड में ऑक्सीजन लाइन डालने का कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। कोरोना रोगियों को ऑक्सजीन की किल्लत ना हो इसके लिए सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया जाएगा। बताया कि ऑक्सीजन प्लांट से प्रतिदिन 100 रोगियों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा सकेगी। प्रारंभ में कोरोना वार्ड में 50 बेड की व्यवस्था की जाएगी। जल्द की कोरोना वार्ड की क्षमता को बढ़ाकर दो सौ बेड कर दिया जाएगा। कोरोना वार्ड के लिए सभी तैयारियां लगभग अंतिम चरण में है। जल्द ही सीएचसी में कोरोना वार्ड और ऑक्सीजन प्लांट का शुरू कर हो जाएगा। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. भवतेश शंखघर ने अस्पताल का निरीक्षण कर तैयारियों को जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने संबंधित को आवश्यक दिखा निर्देश भी दिए। मौके पर एसडीएम रविशंकर सिंह, सीओ नम्रता श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।