दिव्यांगों का यूनिक आईडी टीकाकरण में होगा मान्य
बुलंदशहर। कोविड टीकाकरण तक दिव्यांग व्यक्तियों की पहुंच सहज और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार ने कोरोनारोधी टीकाकरण के फोटो पहचान पत्र दस्तावेज में यूडीआईडी को भी शामिल किया है। इससे अब आधार कार्ड न होने पर यूनिक आईडी दिखवा कर दिव्यांग कोरोना से बचाव का टीका लगवा सकेंगे।
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि यूनिक डिस्एबिलिटी आईडेंटीफिकेशन कार्ड (यूडीआईडी) को रजिस्ट्रेशन के लिए कोविन पोर्टल में पहचान पत्र के रूप में शामिल कर लिया गया है। अब दिव्यांग अपने विशिष्ट पहचान पत्र का उपयोग कोविड टीकाकरण रजिस्ट्रेशन के लिए कर सकते हैं। इससे पूर्व अभी तक सात पहचान पत्र ही रजिस्ट्रेशन के लिए मान्य थे। इसमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैनकार्ड, पासपोर्ट, पेंशन पासबुक, एनपीआर स्मार्टकार्ड, मतदाता पहचान पत्र को छोड़कर अन्य कोई पहचान पत्र मान्य नहीं था। लेकिन अब दिव्यांगो के लिए यूडीआईडी की स्वीकृति भी आठवें पहचान पत्र के रूप में मिल गई है।