जिले में एक हजार हैं सक्रिय मरीज, नहीं मिलेगी कोई छूट
बुलंदशहर। जनपद में लागू कोरोना कर्फ्यू से लोगों को अभी राहत नहीं मिलेगी। जिले में करीब एक हजार कोरोना के सक्रिय मरीज हैं। छूट नहीं मिलने से व्यापारियों में निराशा है। व्यापारी बीते दिनों कोरोना कर्फ्यू लागू होने के बाद से ही जल्द से जल्द संक्रमण पर नियंत्रण होते ही सरकार से कर्फ्यू में छूट देने की आस लगाए बैठे थे। लेकिन, ऐसा नहीं हो सका। क्योंकि शासन से जारी निर्देशों के अनुसार जनपद को कोरोना कर्फ्यू से छूट तभी मिल सकती है, जब सक्रिय केस छह सौ से कम हों। लेकिन, वर्तमान में जनपद में यह संख्या एक हजार है। हालांकि, जल्द ही छह सौ से कम सक्रिय केस होने की आस व्यापारी जता रहे हैं। जिससे उन्हें भी छूट का लाभ मिल सके।
जनपद में अभी केस एक हजार हैं। शासन ने 600 तक सक्रिय केस वाले जनपदों में ढील दी है। फिलहाल जनपद में कोरोना कर्फ्यू पूर्ववत रहेगा
रवीन्द्र कुमार, एडीएम प्रशासन
बोले व्यापारी
उम्मीदों पर फिरा पानी
कोरोना कर्फ्यू से छूट की आस थी, लेकिन शासन की छूट केवल उन जिलों में है, जहां छह सौ से कम केस हैं। उम्मीद है जल्द ही अपना जनपद भी इस श्रेणी में शामिल होगा। - मनोज गुप्ता, व्यापारी
छूट नहीं मिलने से हुई निराशा
कोरोना कर्फ्यू में छूट न मिलने से निराशा है, लेकिन शासन के निर्देशों से एक आस भी जगी है। श्रेणी में आने के लिए केवल चार सौ एक्टिव केस जितना जल्दी कम होंगे, अपना जनपद भी उतनी जल्दी कोरोना कर्फ्यू से छूट में शामिल हो जाएगा।
अरुण कंसल, व्यापारी
कर्फ्यू में छूट न मिलना निराशाजनक है, काफी परेशानियों का सामना छोटे व्यापारियों को मुख्य रूप से करना पड़ रहा है। उम्मीद है, जल्द ही जनपद शासन की कर्फ्यू छूट की श्रेणी में शामिल हो जाएगा।
गौरव सिंघल, व्यापारी
शासन से कोरोना कर्फ्यू में छूट की काफी आस थी। लेकिन, शाम को शासन से जारी निर्देशों ने एक ओर निराशा दी तो वहीं दूसरी ओर एक आस भी जगाई है। उम्मीद है, जल्द ही कर्फ्यू से छूट में अपना जिला भी शामिल होगा।
शिवकुमार भटनागर, व्यापारी