किशोरों के टीकाकरण को 28 दिन पूरे, अब लगेगा दूसरा डोज
बुलंदशहर। कोरोना से बचाव के लिए किशोरों के टीकाकरण को शुरू हुए 28 दिन पूरे हो गए हैं। ऐसे में अब बुधवार से दूसरी डोज लगवाने के लिए टीकाकरण कार्य में तेजी आनी शुरू हो जाएगी। हालांकि जिले में 2,55,417 किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य था। इसमें 1,42,458 किशोरों को ही टीका लग सका है। एक लाख से अधिक किशोर अब भी टीके से वंचित हैं।
जनपद समेत देशभर में तीन जनवरी 2022 से 15 से 17 आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण लगना शुरू हुआ। जिससे इस उम्र के किशोरों को भी कोरोना से बचाया जा सके। इस उम्र के किशोरों को कोवाक्सिन का टीका लगाया गया। जिससे संबंधित को 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाया जा सके। तीन जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण के दौरान शुरुआत में केंद्रों पर भारी भीड़ लगी रही। इसके बाद धीरे-धीरे संख्या कम होती गई। अब 28 दिन पूरे होने पर बुधवार से केंद्रों पर दूसरा टीका लगवाने के लिए भीड़ लगनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए विभाग द्वारा सभी 81 केंद्रों पर तैयारियां की ली गई हैं।
कोरोना से बचाव के लिए स्कूल-कॉलेज में भी जाकर टीका लगाया जा रहा है। जिन किशोरों को पहला टीका लगने के 28 दिन पूरे हो गए हैं, वह नजदीकि सरकारी चिकित्सालय जाकर दूसरा टीका जरूर लगवा लें। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ