फल-सब्जी मंडी में व्यापारियों की जांच तो हुई पर नहीं लगी वैक्सीन
बुलंदशहर। नगर की फल-सब्जी मंडी में रोजाना सैकड़ों किसान, व्यापारी और खरीदार आते हैं। बावजूद अभी तक यहां वैक्सीन लगाने की शुरुआत नहीं हुई है। आढ़तियों का कहना है कि दो दिन पूर्व जांच तो हुई थी, लेकिन अभी वैक्सीन का इंतजार है। उन्होंने जिला प्रशासन से वैक्सीन लगवाने की भी मांग की है, ताकि कोरोना के संक्रमण से बचा जा सके।
नगर की फल-सब्जी मंडी में 125 से अधिक दुकानें हैं। लगभग इतने ही यहां आढ़ती हैं। जबकि रोजाना सैकड़ाें किसान अपनी सब्जी आदि बेचने के लिए पहुंचते हैं। साथ ही बाहर से सब्जी और फल लाने वालाें के साथ बड़ी संख्या में खरीदार भी आते हैं। शासन का आदेश है कि जहां अधिक भीड़ हो वहां पर वैक्सीन लगवाने का प्रबंध किया जाए, लेकिन अभी तक मंडी में ऐसी पहल नहीं की गई है। आढ़तियों ने बताया कि दो दिन पूर्व मंडी में कैंप लगाकर कोरोना की जांच की गई थी। इस दौरान 100 से अधिक लोगों ने जांच कराई। लेकिन अभी तक वैक्सीन लगाने का इंतजाम नहीं किया गया है। हालांकि बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बावजूद इसके कोरोना संक्रमण को लेकर रोजाना डर बना रहता है। हमारी मांग है कि मंडी में जिला प्रशासन की ओर से वैक्सीन लगवाने का इंतजाम किया जाए, ताकि संक्रमण का डर खत्म हो जाए।
बोले आढ़ती
फल-सब्जी मंडी में रोजाना भीड़ रहती है। कोरोना संक्रमण से बचाव के इंतजाम किए जाते हैं, फिर भी डर बना रहता है। हमारी प्रशासन से मांग है कि मंडी में वैक्सीन लगवाने का इंतजाम किया जाए।
- जैद गाजी, आढ़ती।
मंडी में दो दिन पूर्व कोरोना की जांच के लिए कैंप लगा था। इसके बाद किसी ने भी वैक्सीन लगवाने की ओर ध्यान नहीं दिया है, जबकि शासन का आदेश है कि इस तरह की जगह पर वैक्सीन लगवाने का काम किया जाए।
- रहीश उर्फ काले पहलवान, आढ़ती।
मंडी में कई बार तो काफी भीड़ हो जाती है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग बनाने में भी परेशानी आती है। इस तरह से संक्रमण का डर भी बना रहता है। यदि वैक्सीन लग जाए तो यह डर काफी हद तक दूर हो जाएगा।
- आस मोहम्मद, आढ़ती।
अब कोरोना संक्रमण कम हो रहा है, लेकिन इसका खौफ सभी में बरकरार है। यह डर तभी दूर हो सकता है, जब सभी को वैक्सीन लग जाए। इसके लिए जिला प्रशासन से मांग भी की जा चुकी है।
- खुशीराम लोधी, आढ़ती।