पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर की बढ़ी डिमांड
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर की बिक्री बढ़ गई है। मेडिकल स्टोर संचालक बता रहे हैं कि बाजार में इनकी मांग 40 फीसदी तक बढ़ गई है। उधर खरीदार बता रहे हैं कि दो महीने में ही पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर के दामों में 20 से 30 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी हुई है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बाद से जिले में भी मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। डॉक्टर होम आइसोलेशन में जाने वालों को सलाह दे रहे हैं कि वह पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर जरूर रखें और रीडिंग कागज पर नोट करके बताते रहें। जिले में इन दिनों बुखार, डायरिया के मरीज भी बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। सरकारी अस्पतालोें में टेलीमेडिसिन सेवा शुरू की गई है। डॉक्टर दवाएं लिखने से पहले बुखार के मरीजों से ऑक्सीलन लेवल और तापमान जरूर पूछ रहे हैं। इसलिए जो लोग इन दिनों बीमार नहीं हैं वह भी पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर खरीदकर ला रहे हैं। बुलंदशहर औषधि विक्रेता संघ के कोषाध्यक्ष अनिल गोयल बताते हैं कि पहले की अपेक्षा इनकी बिक्री करीब 40 फीसदी बढ़ी है।
गत वर्ष से अधिक हो रही बिक्री
बुलंदशहर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला सहसचिव बिशन कुमार ने बताया कि गत वर्ष कोरोना काल शुरू होने पर जरूरत की दवाइयों की किल्लत रही थी। साथ ही होम आइसोलेशन शुरू होने पर लोगों ने पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मल स्क्रीनिंग मशीन और डिजिटल थर्मामीटर की खरीदारी की। गत वर्ष 20 से 25 प्रति पीस एक दुकान पर बिक्री रही। फरवरी में नामात्र खरीदारी हुई। अप्रैल में संक्रमण के मामले बढ़ने पर लोग एहतियात देखते हुए खरीदारी कर रहे हैं। अचानक बिक्री होने से पल्स ऑक्सीमीटर की कमी हो गई है जो जल्द स्टॉक आने पर दूर हो जाएगी।
तीन माह पूर्व और वर्तमान मूल्य
वस्तु का नाम जनवरी अप्रैल
पल्स ऑक्सीमीटर 500-600 800-900
डिजीटल थर्मामीटर 70-100 100-170
थर्मल स्कैनर 600-700 700-800
अभी इस प्रकार की कोई शिकायत जनपद में कही से भी नहीं मिली है। फिर भी जनपद के सभी बाजारों में अभियान चलाकर मूल्यवृद्धि की जांच कराई जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं भी मुनाफाखोरी न हो। - दीपालाल, जिला औषधि निरीक्षक