तौल छोड़कर भागा गन्ना क्रय केंद्र प्रभारी, किसानों ने हाईवे पर लगाया जाम
सिकंदराबाद। गन्ना क्रय केंद्र पर किसी बात को लेकर किसानों के साथ हुई नोकझोंक के बाद क्रय केंद्र प्रभारी तौल बंद कर भाग गया। गुस्साए किसानों ने हाईवे-91 पर अपने वाहनों को खड़ा कर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुुंची पुलिस ने जाम को खुलवाया। एसडीएम, सीओ भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने किसानों से बात कर उनकी समस्या के बारे में जाना। क्रय केंद्र प्रभारी के फिर से तौल प्रारंभ करने के बाद ही किसान शांत हुए।
नेशनल हाईवे-91 पर ग्राम चंदेरू में क्रय केंद्र है। बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान क्रय केंद्र पर गन्ना लेकर पहुंचते हैं। किसानों का कहना है कि क्रय केंद्र पर अव्यवस्थाओं को लेकर जब उन्होंने विरोध किया तो क्रय केंद्र प्रभारी ने अचानक तौल को बंद कर दिया और वह क्रय केंद्र छोड़कर चला गया। काफी देर तक तौल शुरू नहीं किए जाने पर गुस्साए किसानों ने तौल शुरू करने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-91 पर अपने वाहनों को खड़ा कर ग्राम वीरखेड़ा के पास जाम लगा दिया। किसानों के हाईवे पर जाम लगाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। वहीं जाम की सूचना पर एसडीएम रविशंकर सिंह, सीओ नम्रता श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के बारे में जाना। अधिकारियों ने क्रय केंद्र प्रभारी को बुलाकर दोबारा से तौल शुरू कराया। दोबारा तौल शुरू होने के बाद ही किसान शांत हुए। वहीं क्रय केंद्र प्रभारी ने बताया कि कुछ किसान बिना पर्ची के अपना गन्ना तौलने के लिए दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर किसान अभद्रता करने लगे और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। नियम के विरुद्ध कार्य करने के लिए दबाव बनाने को लेकर उसने तौल को बंद कर दिया था। एसडीएम रविशंकर सिंह ने बताया कि क्रय केंद्र प्रभारी के तौल बंद करने पर गुस्साए किसानों ने हाईवे पर जाम लगा दिया था। मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया गया। क्रय केंद्र प्रभारी को बुलाकर दोबारा तौल को प्रारंभ कराया गया।