वीआईआईटी एल-1 अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम व स्वास्थय अफसर।
- फोटो : BULANDSHAHR
एल-2 के बाद एल-1 अस्पताल को को सक्रिय करने की तैयारी
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने पर एल-2 खुर्जा के बाद एल-1 को भी सक्रिय करने की तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार को डीएम रविंद्र कुमार ने स्वास्थ्य अफसरों संग एल-1 अस्पताल का निरीक्षण कर पर्याप्त सुविधाएं रखने के निर्देश दिए।
कोरोना संक्रमित का उपचार करने के लिए सदर तहसील क्षेत्र स्थित वीआईआईटी को एल-1 अस्पताल बनाया गया था। संक्रमित की संख्या कम होने पर चार माह पूर्व बंद कर दिया गया था। कोरोना संक्रमण के मामले दोबारा सामने आने पर डीएम ने अस्पताल का संचालन करने के लिए व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि खुर्जा स्थित एल-2 अस्पताल के साथ वीआईआईटी एल-1 अस्पताल को भी अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस बढ़ने पर एल-1 अस्पताल को भी सक्रिय करने के उद्देश्य से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली है। खुर्जा एल-2 और वीआईआईटी एल-1 अस्पताल में कोरोना मरीजों के लिए पर्याप्त सुविधाएं रखने के लिए सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं।
दो लोगों में हुई संक्रमण की पुष्टि
जिले में मंगलवार को दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, साथ ही एक व्यक्ति को डिस्चार्ज कर दिया गया। स्वास्थ्य अफसरों ने मंगलवार को एक हजार से अधिक लोगों का सैंपल लेकर जांच करने का दावा किया। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि लखावटी और दानपुर ब्लॉक क्षेत्र के एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जनपद में संक्रमण के अब कुल 6298 केस हो गए हैं। अब तक कुल 6184 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके है और 94 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, 20 लोगों का उपचार चल रहा है।