बुजुर्ग और मरीजों के बाद बच्चों को लगेगी वैक्सीन
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लगने वाली वैक्सीन बुजुर्गों और मरीजों के बाद बच्चों को लगाई जाएगी। चौथे चरण में बच्चों को वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग कार्ययोजना बना रहा है, जिसे अभी अंतिम रूप दिया जाना है। वहीं, पहले चरण में होने वाले वैक्सीनेशन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को पहले चरण में वैक्सीन लगाई जानी है। वहीं, दूसरे चरण में पुलिसकर्मी, सफाईकर्मी और मीडियाकर्मी को वैक्सीन लगाई जानी प्रस्तावित है। तीसरे चरण में बीमार और बुजुर्ग लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए शासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं। तीन चरण पूर्ण होने के बाद बच्चों और अन्य लोगों का नंबर आएगा, जिसको लेकर विभागीय अफसर अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि पहले चरण में करीब 13 हजार 500 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जानी है, जिसकी तैयारी चल रही है। वहीं, दूसरे और तीसरे चरण के बाद जिले में वैक्सीनेशन किसे किया जाए इसको लेकर तैयारी की जा रही है। बच्चों को भी वैक्सीन लगनी है, जो चौथे चरण में लगाई जा सकती है।