अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी समेत 32 लोग मिले कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी समेत 32 लोगों की कोरोना रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई है। वहीं, 31 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में अब कुल केस 3938 हो गए हैं। जिसमें 3483 डिस्चार्ज हो चुके हैं और 65 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, 390 लोगों का उपचार चल रहा है।
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले चार हजार के करीब पहुंच गए हैं। शुक्रवार को विकास भवन में अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही नगर के डीएम रोड पर तीन, यमुनापुरम व गंगानगर में दो-दो, आवास विकास-प्रथम में एक, भूड़ में एक और गांव धतूरी में एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण मिला। औरंगाबाद नगर के स्याना रोड पर एक ही परिवार के तीन सदस्य, मोहल्ला स्याना सिकंदरा में एक, औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव मूढ़ीबकापुर में एक और गांव नगला करन में एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण मिला। सिकंदराबाद नगर क्षेत्र में चार, जहांगीराबाद नगर क्षेत्र में चार, खुर्जा नगर क्षेत्र और नरौरा क्षेत्र में दो-दो लोगों में कोरोना संक्रमण मिला। इसके अलावा स्याना क्षेत्र के वैराफिरोजपुर में एक, गुलावठी क्षेत्र के नत्थूगढ़ी में एक, बीबीनगर में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। साथ ही एक व्यक्ति का संपर्क न होने के कारण पता नहीं लग सका। एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि 32 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है और 31 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
उपचार के दौरान एक बुजुर्ग की मौत
स्याना। नगर क्षेत्र निवासी एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान नोएडा के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग 27 सितंबर को कोरोना पॉजिटिव मिले थे और उनका उपचार नोएडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को बुजुर्ग ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्ग की कुछ दिन पूर्व कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी और अन्य बीमारी के चलते उपचार चल रहा था।