जिला अस्पताल में कोरोना जांच निगेटिव होने पर ही होगा अल्ट्रासाउंड
बुलंदशहर। आपको यदि जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराना है तो अब आपको कोरोना जांच करानी होगी। रिपोर्ट निगेटिव होने पर ही आपका अल्ट्रासाउंड हो सकेगा। संक्रमण से बचने के लिए जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने नियम लागू कर जांच करनी शुरू कर दी हैं।
जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड निशुल्क होता है। अभी तक लोगों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए तारीख लेनी पड़ती थी। लेकिन जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ने पर अब कोरोना योद्धा भी संक्रमित हो रहे हैं। चिकित्सकीय कार्य के दौरान स्वयं को बचाव करने के लिए मरीजों की कोरोना जांच करानी शुरू कर दी है। जिला अस्पताल के पूर्व सीएमएस डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण किसी को भी हो सकता है, इससे दूसरों को बचाने के लिए मरीजों से कोरोना जांच रिपोर्ट मांगी जा रही है। रिपोर्ट निगेटिव होने पर ही संबंधित का अल्ट्रासाउंड किया जाता है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि संक्रमण से बचाव जरूरी है। अगर कोई चिकित्सक संक्रमण का शिकार हो जाता है तो मरीजों को करीब 15 से 20 दिन परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। मरीजों को परेशानी न हो इसके लिए यह नियम बनाया गया है।