पीडब्ल्यूडी कर्मी समेत 24 में संक्रमण की पुष्टि, एक की मौत
बुलंदशहर। जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। बुधवार को दो पीडब्ल्यूडी कर्मी समेत 24 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही एक महिला की मेरठ में मौत हो गई। वहीं, 32 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। जनपद में अब कोरोना का आंकड़ा 974 हो गया हैं। फिलहाल 233 मरीजों का कोविड अस्पताल में उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार बुलंदशहर में 16, खुर्जा-औरंगाबाद में दो-दो और अनूपशहर, डिबाई, अगौता व स्याना क्षेत्र में एक-एक संक्रमित की पुष्टि हुई। नगर के एक वर्षीय मासूम व देवीपुरा में एक ही परिवार के पांच, हरि एन्कलेव व शिवपुरी में दो-दो, नयागांव, पन्नीनगर, हाईडिल कालोनी, ईटारोड़ी, बीसा कालोनी में एक-एक संक्रमित मिला। खुर्जा क्षेत्र के अगवाल गांव में दो लोगों में, औरंगाबाद नगर की पुरानी सब्ज्ी मंडी क्षेत्र में एक महिला व एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही अनूपशहर क्षेत्र के मलकपुर निवासी युवक, डिबाई क्षेत्र के दौलतपुर निवासी एक महिला, अगौता क्षेत्र के गांव लुहारली में एक युवक व स्याना क्षेत्र निवासी एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, बुलंदशहर निवासी एक महिला की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि 24 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई हैं। साथ ही एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई व 32 लोगों को कोविड-19 अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया हैं।