खुर्जा। रोडवेज वर्कशॉप में बस के पिछले पहिया के नीचे पैदल चल रहा संविदा चालक दब गया। इसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। हालांकि अभी किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे खुर्जा रोडवेज बस अड्डा के पीछे बने वर्कशॉप में हादसा हो गया। इसमें एक बस पीछे की ओर चल रही थी। तभी बस के पीछे से पैदल गुजर रहा संविदा चालक पहिया के नीचे आ गया और दब गया। अन्य कर्मचारियों ने शोर मचाया तो चालक ने बस रोकी।
शव की पहचान खुर्जा के नयागंज मोहल्ला निवासी दिगम्बर सिंह (52) के रूप में हुई है, जो खुर्जा रोडवेज में संविदा चालक के रूप में कार्यरत थे। मामले में हादसे की जानकारी परिजनों को दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।