जागे अफसर, टूटे नाले का निर्माण शुरू
बुलंदशहर। दो माह से टूटे पड़े नाले का जल्द निर्माण किया जाएगा। हादसों को न्योता दे रहे नाले के बारे में समाचार प्रकाशित होने के बाद पालिका ने संज्ञान में लेकर शीघ्र निर्माण कराने के आदेश दिए हैं। साथ ही मंगलवार को स्थल पर निर्माण संबंधी सामग्री पहुंचा दी गई। नाला निर्माण शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली हैं।
दो माह पूर्व बारिश होने से नगर के शर्मा इंटर कॉलेज के निकट नाला चोक हो रहा था। जिससे कालाआम चौराहे पर जलभराव की स्थिति हो गई थी। काफी प्रयास के बाद नाले की पूर्ण सफाई न होने पर पालिका द्वारा चोक पड़े नाले को खोल दिया गया। लेकिन, निर्माण नहीं कराया गया था, जिससे हादसे का डर बना रहता था। लोगों की परेशानी को अमर उजाला ने संज्ञान में लेकर मंगलवार के अंक में ‘खुला नाला दे रहा हादसों को न्योता’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की । जिसके बाद पालिका ने आनन-फानन में निर्माण कार्य करने के आदेश जारी कर किए। पालिका ईओ निहाल चंद ने बताया कि नाले का निर्माण कराया जा रहा है। जल्द ही काम पूरा हो जाएगा। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।