बुलंदशहर। पुलिस लाइन में चल रही पुलिस भर्ती के मेडिकल में रि-चेकअप के नाम पर एक अभ्यर्थी ने एक सिपाही पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत पर एसएसपी ने पुलिस लाइन पहुंचकर खुद जांच की। मामला संदिग्ध पाए जाने पर एसपी सिटी को जांच सौंपते हुए सीएमओ को मेडिकल बोर्ड सस्पेंड कर नए बोर्ड को नियुक्त करने के लिए कहा है।
पुलिस लाइन में पुलिस भर्ती के मेडिकल चल रहे हैं। इसके लिए दो मेडिकल बोर्ड बनाए गए हैं। पिछले कई दिनों से प्रक्रिया चल रही है। प्रतिदिन सौ अभ्यर्थियों के मेडिकल होते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर एक अभ्यर्थी ने मेडिकल के दौरान ड्यूटी दे रहे सीओ से मेडिकल फिट करने के एवज में एक सिपाही पर रिश्वत मांगने की शिकायत की। उसने बताया कि पहली बार चेकअप के बाद बाहर आने पर उससे कहा गया कि फिर से निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद एक पुलिसकर्मी ने उनसे दोबारा निरीक्षण में सफल कराने के लिए रुपयों की मांग की।
सीओ ने जब मामले की जांच की तो अभ्यर्थी के पहली परीक्षा में ही सफल होने की जानकारी मिली। जिसके बाद उन्होंने एसएसपी दिनेश कुमार सिंह को सूचना दी। इस पर एसएसपी स्वयं पुलिस लाइन पहुंचे और अभ्यर्थियों व पुलिस अधिकारियों के साथ मेडिकल कर रहे अधिकारियों से जानकारी की। एसएसपी ने बताया कि शिकायत करने वाला अभ्यर्थी पहले ही मेडिकल पास हो गया था। एसएसपी ने मेडिकल के दौरान वह लाइन के बाहर क्यों आया और कैसे अंदर गया, इसकी जांच और मेडिकल के एवज में पैसे मांगने के आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए हैं। मामले की जांच एसपी सिटी शंकर प्रसाद कर रहें हैं। फिलहाल मेडिकल कर रहे दोनों बोर्ड को भंग कर दिए गए हैं। मेडिकल बोर्ड बदलने के लिए सीएमओ डा. सुनील कुमार दोहरे को पत्र लिखा गया।