स्याना विधान सभा क्षेत्र के बीबीनगर कस्बे में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए रालोद अध्यक्ष चौ.अजित सिंह ।
- फोटो : ब्यूरो
नोटबंदी पर रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नसबंदी कांग्रेस को खा गई थी, उसी प्रकार नोटबंदी भाजपा को खा जाएगा। जनता नोटबंदी से परेशान है। किसानों पर कर्ज है। मोदी ने मात्र दो माह का ब्याज माफ करके किसानों के साथ मजाक किया है, जिसका खामियाजा चुनाव में उठाना पड़ेगा।
सोमवार को बीबीनगर में स्याना से रालोद प्रत्याशी ठाकुर सुनील सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में चौधरी अजित सिंह ने कहा कि कांग्रेस की नैया नसबंदी ने डुबोई थी और भाजपा की नैया नोटबंदी डुबोएगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने अस्तित्व को बचाने के लिए उस पार्टी से गठबंधन किया है, जो खुद पिछले छह माह से परिवार की लड़ाई में लगी हुई है।
मुलायम सिंह खुद कहते हैं कि उनके मंत्री जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं। शिवपाल कहते हैं कि उनके नेता हरियाणा से शराब की तस्करी कर रहे हैं। जिस पार्टी के सुप्रीमो और नेता ही अपने मंत्री और नेताओं की पोल खोलते हों, वह प्रदेश का विकास कैसे करेंगे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी से किसान कर्ज में है। छोटे उद्योग बंद होने के कगार पर हैं।
कर्ज माफ करने के नाम पर मात्र दो माह के ब्याज में छूट दी गई है। मोदी यह भी नहीं जानते कि कर्ज और ब्याज में कितना अंतर होता है। बिना तैयारी के नोटबंदी की गई। यही नोटबंदी भाजपा के अस्तित्व को खत्म कर देगी। किसानों की खुशहाली के लिए रालोद प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी।
चुनावी सभा की अध्यक्षता रामबीर सिंह तथा संचालन नरेंद्र सिंह सिरोही ने किया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन विजयवीर सिरोही, डॉ. प्रमोद कुमार, पुष्पेंद्र सिरोही, केप्टन राजेंद्र सिंह, त्रिलोक चंद त्यागी, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, गुड्डू पंडित, आदि मौजूद रहे।