संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। सोमवार सुबह से ही बादल और धुंध छा गई। इस दौरान जहां-तहां बूंदाबांदी भी हुई। मौसम में आए बदलाव से जनपद में ठंड बढ़ गई तो अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस गिर गया। मौसम वैज्ञानिक और बूंदाबांदी होने की संभावना जता रहे हैं।
सोमवार की सुबह जब लोग नींद से जागे तो उनका सामना बादल और छाई धुंध से हुआ। दिनभर धूप नहीं निकली। दोपहर के समय में कुछ मिनटों के लिए हल्की सी धूप निकली। वहीं, शाम के समय में ठंडी हवाएं चलने से शाम ढलते ही ठिठुरन महसूस की गई। ऐसे मौसम के बीच रविवार को 26 डिग्री दर्ज किया गया अधिकतम तापमान दो डिग्री कम होकर 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर टिका रहा। आद्रता 53 फीसदी और हवा की गति 13 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ.रामानंद पटेल ने बताया कि अभी बाद छाने और कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। इस कारण रात के समय में तापमान गिरेगा और ठंड भी बढ़ेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गेहूं के लिए ये मौसम अच्छा
गेहूं की फसल के लिए ये मौसम अच्छा माना जाता है। इस मौसम को गेहूं के लिए रामबाण माना जाता है। किसानों के अनुसार गेहूं की फसल के लिए अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सबसे अच्छा रहता है। कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डा. विवेकराज ने बताया कि इस समय जिस तरह का मौसम बन रहा है। वह गेहूं की फसल के लिए बहुत अच्छा है। इसी तरह का मौसम रहने से फसल अच्छी होगी तो पैदावार भी बेहतर होने की संभावना बन रही है।