सिकंदराबाद। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ अभद्रता, मारपीट, किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने एसआई की तहरीर पर छह महिलाओं समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
औद्योगिक क्षेत्र चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि बृहस्पतिवार की रात में करीब 10.30 बजे सरकारी कॉलोनी तेल मिल के पास महिलाओं के आपस में झगड़ा करने की सूचना पर वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घरेलू बंटवारे को लेकर कुछ महिलाएं और पुरूष आपस में मारपीट कर रहे थे।
महिला उपनिरीक्षक रजनी मावी, हेड कांस्टेबल संतोष ने झगड़ा कर रही महिलाओं को छुटाने का प्रयास किया तो ज्योति, चंचल, ममता, बीना, रूक्मिणि,अन्न्नू शर्मा ने रजनी मावी, संतोष के साथ अभद्रता करते हुए हमला कर दिया।
मारपीट में रजनी मावी, संतोष घायल हो गए। वही अंशू, गगन ने उनके, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए धक्का मुक्की की, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई और अफरा, तफरी का माहौल हो गया। घटना को लेकर आसपास के क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस की सहायता से सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि एसआई की तहरीर पर आरोपी महिलाओं, दोनों पुरूषों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।