क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कार्यालय। संवाद
बुलंदशहर। पिछले कई दिनों से बढ़ रही वायु गुणवत्ता सूचकांक में बृहस्पतिवार को सुधार देखने को मिला। बृहस्पतिवार को शहर का एक्यूआई 187 तो खुर्जा का 232 मापा गया। इससे लोगों को भी राहत मिली है।
दिवाली के पूर्व से बुलंदशहर और खुर्जा का वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार 300 के आसपास रहा। पिछले महीने 31 दिन में शहर का एक्यूआई छह दिन 100 से कम, नौ दिन 200 से कम और शेष दिन 200 से 300 के बीच रहा। इस माह में दो नवंबर को एक्यूआई 348 मापा गया, जबकि एक, तीन, चार व पांच को एक्यूआई 200 से 300 के बीच रहा।
बृहस्पतिवार सुबह को हवा की रफ्तार थोड़ी तेज होने पर धुंध की चादर हट गई। हालांकि खुर्जा में अब भी धुंध है। ऐसे में खुर्जा के लोगों को परेशानियां हुईं। इससे बचाव के लिए अफसरों के कूड़ा-कचरा जलाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई करने एवं पानी का समय-समय पर छिड़काव कराने के निर्देश दिए।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार को बुलंदशहर का एक्यूआई 187 तो खुर्जा का 232 एक्यूआई मापा गया। कृषि विज्ञान केंद्र की प्रभारी डाॅ. रेशु चौधरी का कहना है कि इस समय हवा ने गति पकड़ ली है। बृहस्पतिवार को हवा की गति 10 से 12 किलोमीट प्रति घंटे के आसपास रही। इससे प्रदूषण कम हाेने की संभावना है।