बुलंदशहर। बारिश से जिले की सड़कें बदहाल हो गईं। अधिकतर मार्ग जगह-जगह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गए। नगर क्षेत्रों में तो प्रशासन सक्रिय दिख रहा है और प्रमुख मार्गों पर गड्ढे भरने का काम तेजी से चल रहा है लेकिन देहात क्षेत्रों में अब भी सड़कें खस्ताहाल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शहरवासियों को राहत दी जा रही है लेकिन गांवों की अनदेखी की जा रही है।
सड़कों की मरम्मत के लिए नगर पालिका ने नवरात्र से पहले ही कार्य शुरू करा दिया था। खासतौर पर जिला न्यायालय रोड, डीएम आवास रोड, जिला अस्पताल रोड पर पैचवर्क का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। जगह-जगह गड्ढों को मिट्टी व डामर से भर दिया गया है। नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी के संयुक्त प्रयासों से मुख्य बाजार की गलियों में भी मरम्मत का काम जारी है। वाहन चालकों का कहना है कि इससे आवाजाही कुछ हद तक आसान हुई है, हालांकि स्थायी समाधान अब भी दूर की बात है।
वहीं, जिले के देहात क्षेत्र की सड़कों का हाल अब भी बदतर है। शिकारपुर-जहांगीराबाद, डिबाई-अनूपशहर, शिकारपुर-पहासू और औरंगाबाद-बुलंदशहर रोड पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बरसात में यह सड़कें दलदल में बदल गई थीं। अब धूप निकलने पर यहां धूल के गुबार से गुजरना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक सवार गड्ढों की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। खानपुर, नगला शेखू, रसूलपुर और सराय घासीपुर जैसे गांवों के निवासियों ने बताया कि वे रोजाना टूटी-फूटी सड़कों से होकर बाजार, स्कूल और अस्पताल जाते हैं। स्थानीय निवासी खुशवंत, साहिल, पंकज आदि ने आरोप लगाया कि अधिकारी शहर में दिखावे का काम कर रहे हैं, जबकि गांवों में सड़क सुधार की कोई पहल नहीं दिखाई रही है।
कालआम से स्याना रोड पर धूल ही धूल, गड्ढे ही गड्ढे
कालआम से स्याना अड्डा तक की सड़क की हालत बदहाल है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और उड़ती धूल लोगों की मुसीबत बढ़ा रही है। राहगीरों और स्थानीय लोगों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब तीन किलोमीटर का यह सफर जहां, दस मिनट में पूरा होना चाहिए, उसे पूरा करने में अब आधे घंटे से अधिक का समय लग रहा है। यह सड़क लंबे समय से मरम्मत के इंतजार में है, लेकिन अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
पहले शहर के मुख्य मार्गों को ठीक कराया जा रहा है, ताकि यातायात सामान्य हो सके। देहात क्षेत्रों की सड़कों पर भी कार्य किया जा रहा है। जल्द ही सभी मार्गाें को सही करा दिया जाएगा। - राहुल शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग