बुलंदशहर। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव का असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है। बच्चे वायरल समेत उल्टी, दस्त, सिर दर्द, सर्दी-जुकाम व खांसी से पीड़ित हो रहे हैं। इनमें अधिकांश ऐसे बच्चे हैं, जिनकी इम्युनिटी कमजोर है। जिला महिला चिकित्सालय में सोमवार को वायरल से पीड़ित 64 बच्चों का उपचार किया गया।
जिला चिकित्सालय व जिला महिला चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन वायरल के मरीज इलाज कराने के लिए आ रहे हैं। इनमें बच्चे भी शामिल रहते हैं। चिकित्सकों के अनुसार रात के समय हवा में नमी की वजह से वायरस ग्रोथ करते हैं। वायरस तेजी से हवा में फैलता है। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। बच्चे वायरल, उल्टी, दस्त, सिर दर्द, सर्दी-जुकाम, निमोनिया, पेट दर्द व खांसी से पीड़ित हो रहे है।
महिला पूजा ने बताया कि बेटे को कई दिन से खांसी हो रही है। चिकित्सक से परामर्श लिया है। नाजिया ने बताया कि बेटी को उल्टी-दस्त होने पर चिकित्सक को दिखा दवा ली है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि मौसम बदलने से इन्फ्लूएंजा व रोटा वायरस का संक्रमण बढ़ जाता है। ऐसे में कमजोर इम्युनिटी वाले बच्चे संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। इससे बच्चे विभिन्न बीमारियों से पीड़ित हो जाते हैं। सोमवार को करीब 64 बच्चों का उपचार किया गया।